नई दिल्ली। पुरानी दिल्ली के कांग्रेसी नेता व पूर्व पार्षद अशोक जैन की अगुवाई में पार्टी नेता और कार्यकर्ताओं के अलावा पुरानी दिल्ली के निवासियों ने महंगाई के खिलाफ आज चावड़ी बाजार में धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और उनको महंगाई के लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में कभी भी इतनी महंगाई नहीं बढ़ी थी जितनी भाजपा और आम आदमी पार्टी के शासन में बढ़ी है।
इस मौके पर श्री अशोक जैन ने कहा कि महंगाई के कारण आम लोगों का जीना दूभर हो गया है। उनके समक्ष रोजी रोटी का भी संकट पैदा हो गया है। गरीब लोगों के घरों में चुल्हा जलना बंद हो गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा और आम आदमी पार्टी की गलत नीतियों के कारण लगातार महंगाई बढ़ रही है और दोनों पार्टियों की सरकारें जनता को राहत पहुंचाने के लिए कदम उठाने के बजाय आपस में लड़ने लगी हुई है और महंगाई के लिए एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहरा रही हैं। इसके अलावा यह दोनों पार्टियां महंगाई से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए विभिन्न मुद्दे उठाकर आपस में लड़ाई का दिखावा कर रही हैं। इस मौके पर पूर्व पार्षद महमूद जिया और कांग्रेसी नेता मोहम्मद उस्मान भी मौजूद थे।
Must Read