नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता आतिशी ने कहा कि दिल्ली में बढ़ते हुए डेंगू के मामलों के लिए भाजपा-शासित एमसीडी ज़िम्मेदार है। भाजपा के नेता दिल्ली वालों की जान से खेल रहे हैं। डेंगू-मलेरिया से लड़ने की दवाई-मशीन के बजट को अपनी जेब में डाल लिया है। भाजपा शासित एमसीडी ने अक्टूबर तक डेंगू से लड़ने की दवाई नहीं खरीदी है। इसके अलावा एमसीडी ने दिल्ली में डेंगू को रोकने के लिए कोई कदम समय से नहीं उठाया है, उसका खामियाजा दिल्ली वालों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के भ्रष्टाचार की वजह से एंटी मलेरिया विभाग में करीब 70 फ़ीसदी से ज्यादा पद खाली हैं। एमसीडी के हर वार्ड में कम से कम एक फागिंग मशीन की आवश्यकता है, लेकिन एमसीडी के पास पर्याप्त फॉगिंग मशीन भी नहीं हैं।
आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता और विधायक आतिशी ने पार्टी मुख्यालय में आज प्रेस वार्ता को संबोधित किया। आतिशी ने कहा कि पिछले 15 साल से भाजपा शासित एमसीडी के भ्रष्टाचार और कुशासन की वजह से दिल्ली वाले परेशान हैं। भाजपा के भ्रष्टाचार और कुशासन का शिकार हैं। एमसीडी के द्वारा लगातार की जा रही उगाही और एमसीडी के नॉन परफॉर्मेंस ने दिल्ली को कूड़ेदान बना दिया है। जिससे दिल्ली वाले परेशान हैं। भाजपा के मिस-गवर्नेंस, भ्रष्टाचार की वजह से आज दिल्ली वालों की जान पर बन आई है।